संवेदनशीलता की मिसाल: अलीगंज अग्निकांड की पीड़ित ‘सरोजनीनगर की बेटी’ के परिवार के साथ खड़े हुए विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह
असहनीय दुःख की घड़ी: पीड़ित परिवार को विधायक ने सौंपी 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता, छोटे भाई की कक्षा 12वीं तक की पढ़ाई का उठाया पूरा खर्च

लखनऊ। अलीगंज अग्निकांड में अपनी जान गंवाने वाली सरोजनीनगर की होनहार बेटी स्वर्गीय अनुछा राई के पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने और उन्हें इस गहरे संकट से उबारने के लिए सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह आगे आए हैं। आज उन्होंने शोकाकुल परिवार के आवास पर पहुंचकर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और संकट की इस घड़ी में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
दुखों का पहाड़: 2022 में पिता को खोया, अब छिना बड़ी बेटी का साया
सरोजनीनगर के शांतिनगर (अवध विहार योजना) में रहने वाले इस परिवार पर नियति ने एक बार फिर क्रूर प्रहार किया है। वर्ष 2022 में एक दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में अनुछा के पिता का निधन हो गया था। पिता के जाने के बाद परिवार की जिम्मेदारी और उम्मीदों का केंद्र अनुछा ही थीं। लेकिन अलीगंज के दर्दनाक अग्निकांड ने इस परिवार से उनकी बड़ी बेटी को भी छीन लिया। स्वर्गीय अनुछा अपने पीछे मां, दो छोटी बहनें और कक्षा 7 में पढ़ने वाले एक छोटे भाई को छोड़ गई हैं।
विधायक ने वेतन निधि से दिया 1 लाख का चेक, शिक्षा की ली जिम्मेदारी
इस अपूरणीय क्षति और परिवार की बेबसी को देखते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। उन्होंने अपनी वेतन निधि से 1 लाख रुपये की त्वरित आर्थिक सहायता का चेक स्वर्गीय अनुछा की माता जी को सौंपा।
आर्थिक मदद के साथ-साथ परिवार के भविष्य को संबल देते हुए विधायक ने एक बड़ा संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि दिवंगत अनुछा के कक्षा 7 में पढ़ रहे छोटे भाई की शिक्षा का संपूर्ण खर्च अब विधायक कार्यालय द्वारा वहन किया जाएगा। कक्षा 12वीं तक उसकी पूरी फीस नियमित रूप से विधायक कार्यालय जमा कराएगा, ताकि आर्थिक तंगी के कारण बच्चे की पढ़ाई प्रभावित न हो।
यह केवल एक परिवार की नहीं, पूरे सरोजनीनगर की क्षति है: डॉ. राजेश्वर सिंह
पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, “इस असहनीय दुःख को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। अनुछा सरोजनीनगर की बेटी थी, और उसका जाना पूरे सरोजनीनगर परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। इस संकट काल में पूरा सरोजनीनगर परिवार पीड़ित मां और बच्चों के साथ चट्टान की तरह खड़ा है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें और परिवार को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
विधायक ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी उन्हें किसी भी प्रकार की आवश्यकता होगी, तो उनका सेवक हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा।



