लखनऊ

भाजपा अवध क्षेत्र के नवनियुक्त अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने संभाला कार्यभार, कहा- ‘राष्ट्र सेवा का संकल्प है भाजपा’

लखनऊ (करण वाणी,न्यूज़)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अवध क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने आज विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण कर लिया है। क्षेत्रीय कार्यालय पहुँचने पर उन्होंने सबसे पहले देश के महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया। इसके उपरांत, निवर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्रा ने पूरी आत्मीयता के साथ नवनियुक्त अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी को कार्यभार सौंपकर अपनी शुभकामनाएं दीं।

इस गरिमामयी अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री व अवध क्षेत्र के प्रभारी संजय राय, नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष अर्चना मिश्रा, नीरज सिंह और अनुसूचित मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष व सांसद अशोक रावत उपस्थित रहे। पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष ने क्षेत्रीय पदाधिकारियों, क्षेत्रीय मोर्चा अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ एक औपचारिक परिचयात्मक बैठक की।

“दिखावे से दूर रहें कार्यकर्ता, बूथ स्तर पर मजबूत करेंगे संगठन”

अपने पहले संबोधन में क्षेत्रीय अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि जिलों के प्रवास के दौरान सम्मानित जिलाध्यक्ष और कार्यकर्ता किसी भी प्रकार के बड़े स्वागत कार्यक्रम या गाड़ियों के लंबे काफिले का आयोजन न करें। उन्होंने कहा कि हमारा पूरा ध्यान वीआईपी संस्कृति से दूर रहकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर होना चाहिए। हम सबको टीम भावना के साथ शीर्ष नेतृत्व की अपेक्षा अनुसार समय पर कार्य पूर्ण करने हैं।

अवधेश द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र सेवा का एक सशक्त संकल्प है। उन्होंने रेखांकित किया कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की असली ताकत और राष्ट्र निर्माण का मुख्य आधार है। उन्होंने कहा, “संगठन की शक्ति ही भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी है। कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम और समर्पण के बल पर ही पार्टी निरंतर जन-जन का अटूट विश्वास प्राप्त कर रही है।”

अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाना ही मुख्य लक्ष्य

बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना या सत्ता हासिल करना नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सेवा, सुशासन और विकास की मूल भावना को पहुँचाना है। उन्होंने एक मंत्र देते हुए कहा कि जब संगठन मजबूत होता है तो समाज मजबूत होता है और एक मजबूत समाज ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण करता है। बैठक के दौरान उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और पार्टी अभियानों की रूपरेखा तैयार करते हुए विस्तृत योजना रचना बनाई।

इस अवसर पर अवध क्षेत्र के प्रभारी और नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री संजय राय ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि संगठन हमारी असली शक्ति है और कार्यकर्ता हमारी पहचान हैं। राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ भाजपा निरंतर जनता के बीच अपनी पैठ मजबूत कर रही है। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन क्षेत्रीय महामंत्री विजय प्रताप सिंह ने किया।

कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

बैठक की समाप्ति के बाद अवध क्षेत्र के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों सम्मानित पदाधिकारियों और देवतुल्य कार्यकर्ताओं ने नए क्षेत्रीय अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। अवधेश द्विवेदी ने सभी कार्यकर्ताओं के प्रति हाथ जोड़कर आभार और कृतज्ञता व्यक्त की।

अवध क्षेत्र के सह मीडिया प्रभारी आकाश मिश्र ‘मोंटी’ द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, इस महत्वपूर्ण अवसर पर अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राहुल राज रस्तोगी, अमित गुप्ता, डॉ. श्वेता सिंह, जितेन्द्र सिंह राय, महामंत्री नीरज वर्मा, क्षेत्रीय मंत्री राजकिशोर मौर्य, कैप्टन विकास सिंह, संजय गुप्ता, सूरज श्रीवास्तव, डॉ. विमल सिंह, अखिलेश त्रिपाठी और दीपक सहित भारी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Spread the love

Related Articles

Back to top button