लखनऊ

अजय राय की टिप्पणी के विरोध में सरोजनीनगर में जनाक्रोश, हजारों लोगों ने किया प्रदर्शन

डॉ. राजेश्वर सिंह पर की गई टिप्पणी से आहत क्षेत्रीय जनता, 5,000 से अधिक लोगों ने सड़क पर उतरकर जताया विरोध

लखनऊ (करण वाणी)। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह को लेकर की गई टिप्पणी के विरोध में क्षेत्र में भारी जनाक्रोश देखने को मिला। रविवार को दिए गए बयान से आहत स्थानीय जनता, भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मंगलवार को एकजुट होकर सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और सार्वजनिक माफी की मांग की।

सरोजनीनगर क्षेत्र में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में करीब 5,000 से अधिक नागरिकों की भागीदारी रही। प्रदर्शनकारियों ने अजय राय का पुतला दहन किया, पोस्टर-बैनर लेकर नारेबाजी की और उनकी टिप्पणी को क्षेत्र की जनता के सम्मान पर आघात बताया। प्रदर्शन के दौरान “अजय राय होश में आओ”, “अजय राय मुर्दाबाद” और “कांग्रेस पार्टी मुर्दाबाद” जैसे नारे गूंजते रहे।

डॉ. राजेश्वर सिंह के समर्थन में एकत्रित जनसमूह ने पुलिस को ज्ञापन सौंपते हुए अजय राय के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग भी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि विधायक की ईमानदार और बेदाग छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से निराधार आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सार्वजनिक माफी नहीं दी गई, तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

कड़कड़ाती ठंड और बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारियों का उत्साह कम नहीं हुआ। जनसमूह ने शहीद पथ मोड़ से होटल हॉलिडे इन तक मार्च निकाला और कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कांग्रेस पार्टी के पूर्व कार्यकालों और राजनीतिक आचरण पर भी सवाल उठाए।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि अजय राय का राजनीतिक जीवन अवसरवाद से जुड़ा रहा है और चुनावी असफलताओं के चलते वे विवादित बयानों के माध्यम से सुर्खियों में बने रहने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईमानदार और विकासशील सोच वाले जनप्रतिनिधियों पर इस तरह की टिप्पणियां स्वीकार्य नहीं हैं।

जनसमूह ने यह भी कहा कि डॉ. राजेश्वर सिंह ने अपने प्रशासनिक कार्यकाल के दौरान पुलिस और प्रवर्तन निदेशालय में रहते हुए अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की थी। इसी कारण से कुछ राजनीतिक तत्वों में असंतोष है, जो अब बयानबाज़ी के रूप में सामने आ रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह न केवल क्षेत्र बल्कि पूरे प्रदेश के लिए एक आदर्श जनप्रतिनिधि हैं। उनके खिलाफ अपमानजनक और तथ्यहीन बयानबाज़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता ने दोहराया कि सम्मान, सेवा और विकास की राजनीति पर हमला पूरे क्षेत्र के आत्मसम्मान पर हमला माना जाएगा।

इस जनआक्रोश प्रदर्शन में भाजपा नेता शंकरी सिंह, राजेश सिंह, रमा शंकर त्रिपाठी, कर्नल दयाशंकर दुबे, गणेश जोशी, रंजीत रावत (चेयरमैन बंथरा), सुनील रावत (ब्लॉक प्रमुख), पार्षद के.एन. सिंह, पार्षद लवकुश रावत, पार्षद द्रोपती रावत सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिला कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

Spread the love

Related Articles

Back to top button