लखनऊ घंटाघर में स्ट्रीट डॉग्स के समर्थन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन
Supreme Court के हालिया आदेशों के विरोध में एनिमल एक्टिविस्ट्स और पशु-प्रेमियों की एकजुट आवाज़

लखनऊ (करण वाणी, न्यूज़।)। लखनऊ के ऐतिहासिक घंटाघर परिसर में बड़ी संख्या में एनिमल एक्टिविस्ट्स और पशु-प्रेमियों ने एक शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन Supreme Court of India द्वारा स्ट्रीट डॉग्स को लेकर हाल के दिनों में दिए जा रहे कथित नकारात्मक आदेशों के विरोध में आयोजित किया गया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इन आदेशों के चलते स्ट्रीट डॉग्स को जबरन बॉन्ज (पिंजरे) में बंद किया जा रहा है और शेल्टर्स में डाला जा रहा है, जहाँ वे मानसिक और शारीरिक रूप से गंभीर पीड़ा झेल रहे हैं। एनिमल एक्टिविस्ट्स सोनी कपूर ने स्पष्ट रूप से कहा कि स्ट्रीट डॉग्स को उनकी प्राकृतिक जगह से हटाना न केवल अमानवीय है, बल्कि यह किसी भी समस्या का स्थायी समाधान भी नहीं है।
प्रदर्शन के दौरान यह माँग प्रमुखता से उठाई गई कि स्ट्रीट डॉग्स को जहाँ वे वर्षों से रह रहे हैं, वहीं रहने दिया जाए और उनके लिए ABC (एनिमल बर्थ कंट्रोल), वैक्सीनेशन और जन-जागरूकता जैसे मानवीय और वैज्ञानिक उपायों को प्राथमिकता दी जाए, न कि उन्हें कैद किया जाए।
एक्टिविस्ट्स ने यह भी आरोप लगाया कि स्ट्रीट डॉग्स को रेबीज़ और आक्रामकता से जोड़कर प्रस्तुत करना एकतरफा और भ्रामक है। उनका कहना है कि सही देखभाल, नियमित टीकाकरण और सामुदायिक सहयोग से इस समस्या को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकता है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार और न्यायपालिका से अपील की कि वे जमीनी हकीकत, पशु कल्याण कानूनों और एनिमल वेलफेयर एक्सपर्ट्स की राय को ध्यान में रखते हुए फैसले लें, ताकि बेज़ुबान जानवरों के साथ किसी भी तरह का अन्याय न हो।
यह विरोध प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और इसका उद्देश्य केवल स्ट्रीट डॉग्स के अधिकारों की रक्षा और उनके जीवन को सुरक्षित रखना था।



