भावपूर्ण गायिकी के लिए ‘बेस्ट सिंगर’ सम्मान से हुईं अलंकृत

मुंबई (करण वाणी,न्यूज़)। भारतीय संगीत जगत की जानी-मानी और भावपूर्ण गायिका गौरी त्रिपाठी को उनकी मंत्रमुग्ध कर देने वाली गायकी के लिए प्रतिष्ठित “दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड 2025 – बेस्ट सिंगर” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनकी सुरों में रची-बसी संवेदनशीलता, भावनात्मक गहराई और शास्त्रीय-आधुनिक संगीत के अद्भुत संतुलन का प्रमाण है।
मुंबई के रविन्द्र नाट्य मंदिर में आयोजित भव्य समारोह में फिल्म और संगीत जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियाँ मौजूद रहीं। इस अवसर पर भारतीय कला और संगीत को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने वाले कलाकारों की रचनात्मक उपलब्धियों का उत्सव मनाया गया।
दादा साहेब फाल्के चित्रपट यूनियन द्वारा आयोजित इस समारोह की थीम “एप्रेसिएशन टू द क्रिएशन” रही, जो भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने और उन कलाकारों को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिनकी प्रतिभा सीमाओं से परे जाकर लोगों के दिलों को छूती है।
गौरी त्रिपाठी की गायिकी में कोमलता, मर्मस्पर्शिता और शालीनता का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। उनकी मधुर आवाज़ और भावों की सूक्ष्म अभिव्यक्ति श्रोताओं को गहराई से जोड़ती है। गीत की सुरीली धुन और भावपूर्ण शब्द उनकी प्रस्तुति में एक नई जान फूँक देते हैं। यही कारण है कि वे समकालीन भारतीय संगीत की सबसे प्रभावशाली और बहुमुखी आवाज़ों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुकी हैं।
गौरी अपनी गायिकी में तकनीकी सटीकता और भावनात्मक अभिव्यक्ति का ऐसा संतुलन साधती हैं, जो हर वर्ग के श्रोताओं को समान रूप से आकर्षित करता है। उनकी कला न केवल आज के संगीत प्रेमियों को प्रभावित कर रही है, बल्कि भावी युवा संगीतकारों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद गौरी त्रिपाठी ने दादा साहेब फाल्के चित्रपट यूनियन का आभार व्यक्त करते हुए कहा—
“दादा साहेब फाल्के अवॉर्ड 2025 प्राप्त करना मेरे लिए अत्यंत गर्व और भावुक क्षण है। संगीत मेरे जीवन का अभिन्न हिस्सा है। मैं उनसभी लोगों और टीम की आभारी हूँ, जिन्होंने मेरे इस सुंदर सपने को साकार करने में मेरा साथ दिया।”
गौरी त्रिपाठी जैसी प्रतिभाओं को सम्मानित कर दादा साहेब फाल्के चित्रपट यूनियन न केवल भारतीय संगीत कला को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने का कार्य कर रहा है, बल्कि नई पीढ़ी के कलाकारों को भी नए आयाम और ऊँचाइयाँ छूने के लिए प्रेरित कर रहा है।



