मेधावी बच्चों का सम्मान: उम्मीद संस्था ने ‘बॉर्डर 2’ दिखाकर मनाई सफलता की खुशी
गणतंत्र दिवस परेड में तृतीय स्थान पाने वाले 100 बच्चों को किया गया सम्मानित

लखनऊ (करण वाणी, न्यूज़)। गणतंत्र दिवस परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने वाले बच्चों के उत्साहवर्धन हेतु उम्मीद संस्था द्वारा लखनऊ के सहारागंज मॉल स्थित PVR सिनेमा में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उन 100 मेधावी बच्चों के सम्मान में आयोजित किया गया, जिन्होंने 26 जनवरी 2026 को आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में तृतीय स्थान (3rd Rank) प्राप्त कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। बीटिंग द रिट्रीट समारोह के दौरान इन बच्चों को माननीय राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित भी किया गया।
शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ चुके इन बच्चों की इस उपलब्धि की खुशी मनाने के लिए संस्था द्वारा उन्हें नवीनतम देशभक्ति फिल्म ‘बॉर्डर 2’ दिखाई गई।
सुबह 11 बजे फिल्म का विशेष शो शुरू हुआ, जहां सिनेमा हॉल तालियों और जोश से गूंज उठा। मध्यांतर के दौरान बच्चों को पॉपकॉर्न एवं कोल्ड ड्रिंक प्रदान की गई, जबकि फिल्म समाप्ति के बाद सभी बच्चों को विशेष रिफ्रेशमेंट बॉक्स वितरित किए गए।
फिल्म देखने के बाद बच्चों ने अपने अनुभव साझा करते हुए भावुक होकर कहा, “हम भी बड़े होकर देश की सेवा करेंगे और तिरंगे कामान बढ़ाएंगे।”
उम्मीद संस्था के प्रतिनिधि ने बताया कि इन बच्चों ने अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण से गणतंत्र दिवस परेड में तीसरा स्थान प्राप्त कर प्रदेश एवं देश का गौरव बढ़ाया है। संस्था का उद्देश्य केवल बच्चों को सम्मानित करना ही नहीं, बल्कि मनोरंजन के माध्यम से उनके भीतर देशभक्ति की भावना को और सशक्त करना भी है। उन्होंने कहा कि ‘बॉर्डर 2’ जैसी प्रेरणादायक फिल्में युवाओं में साहस, समर्पण और राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार करती हैं।



