लखनऊ

बंथरा में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूटी सवार युवक–युवती को रौंदा, मौके पर दोनों की मौत

लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों के शव क्षत-विक्षत हालत में सड़क पर बिखर गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को समेटकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

मृतकों की पहचान बंथरा के लतीफ नगर निवासी अर्पित त्रिवेदी (22) और सहिजनपुर निवासी काजल रावत (21) के रूप में हुई है। दोनों शनिवार शाम करीब 7 बजे बनी–मोहन रोड से कटी बगिया की ओर जा रहे थे।

काजल बनी–मोहन रोड स्थित अमेजन वेयरहाउस में काम करती थी। नाइट शिफ्ट होने के कारण वह शाम करीब सवा 6 बजे सहिजनपुर स्थित अपने घर से ऑफिस के लिए निकली थी। रास्ते में लतीफ नगर में उसका दोस्त अर्पित त्रिवेदी मिला, जिसने उसे ऑफिस तक छोड़ने की बात कहकर अपनी स्कूटी पर बैठा लिया।

अमेजन वेयरहाउस से करीब 500 मीटर पहले, कानपुर रोड की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी कृष्णा नगर रजनीश वर्मा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक नशे की हालत में था।

पुलिस जांच में सामने आया है कि स्कॉर्पियो का रजिस्ट्रेशन पास के मिर्जापुर गांव निवासी बलवीर के नाम पर दर्ज है। अर्पित के पिता की तहरीर पर पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है

Spread the love

Related Articles

Back to top button