लखनऊ यूनिवर्सिटी की डॉ. आदित्य आभा सिंह को मिला प्रतिष्ठित प्रो. वाई.एस. मूर्ति मेडल

भारत की युवा वैज्ञानिकों की उपलब्धि में नई चमक
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय की वनस्पति विज्ञान विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. आदित्य आभा सिंह को ऑल इंडिया बॉटैनिकल सोसाइटी (AIBS) ने प्रतिष्ठित प्रो. वाई.एस. मूर्ति मेडल 2025 से सम्मानित किया है। यह सम्मान शिलांग स्थित नॉर्थ ईस्टर्न हिल यूनिवर्सिटी (NEHU) में आयोजित 48वीं ऑल इंडिया बॉटैनिकल कॉन्फ्रेंस एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी “बायोलॉजी एंड बायोटेक्नोलॉजी ऑफ़ प्लांट डायवर्सिटी फॉर बायोइकोनॉमी” में प्रदान किया गया।
वनस्पति विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट शोध कार्य के लिए दिया जाने वाला यह सम्मान देश के प्रतिष्ठित अकादमिक पुरस्कारों में गिना जाता है।
डॉ. सिंह को यह सम्मान सी-4 पौधों (विशेषकर मक्का) पर ट्रोपोस्फेरिक ओज़ोन और जलवायु परिवर्तन के प्रभावों पर उनके उल्लेखनीय शोध के लिए मिला है। अपने व्याख्यान में उन्होंने स्पष्ट किया कि बढ़ते वायुमंडलीय ओज़ोन स्तर से मक्का की पैदावार घटती है तथा उसके पोषण तत्वों में भी कमी आती है, जो भविष्य की वैश्विक खाद्य सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती है।
उन्होंने अपने शोध मार्गदर्शक प्रो. एस.बी. अग्रवाल (NASI वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं बीएचयू) का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन ने शोध को प्रमुख वैज्ञानिक दिशा प्रदान की।
डॉ. सिंह का शोध वायु प्रदूषण, ग्लोबल क्लाइमेट चेंज और कृषि उत्पादकता पर उनके प्रभावों पर केंद्रित है। वे टिकाऊ कृषि और पर्यावरण संरक्षण के लिए वैज्ञानिक समाधान विकसित करने पर कार्यरत हैं।
ऑल इंडिया बॉटैनिकल सोसाइटी हर वर्ष इस मेडल के माध्यम से वनस्पति विज्ञान में उच्च गुणवत्ता वाले शोध को सम्मानित करती है और युवा वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित करती है।



