राजनीति

केशव प्रसाद मौर्य होंगे यूपी बीजेपी के नये प्रदेश अध्यक्ष! उपमुख्यमंत्री के ट्वीट से निकाले जा रहे सियासी मायने 

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई को नया अध्यक्ष मिलने वाला है। जल्द ही इसका ऐलान हो सकता है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के इस्तीफे के बाद जातीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए नया चेहरा तलाश किया जा रहा है। ऐसे में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का नाम सबसे आगे चल रहा है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि केशव प्रसाद मौर्य प्रदेशाध्यक्ष बन सकते हैं।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के नाम की अटकलों के बीच केशव प्रसाद मौर्य का एक ट्वीट सामने आया है। जिसके राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया कि संगठन सरकार से बड़ा है ! पिछले 5 महीने से पार्टी नए अध्यक्ष को लेकर मंथन कर रही है। भाजपा चाहती है कि किसी ऐसे व्यक्ति को प्रदेशाध्यक्ष बनाया जाए, जो 2024 के लोकसभा चुनावों को लेकर संगठन को मजबूत कर सके।

नंबर-2 नेता हैं केशव प्रसाद मौर्य

भाजपा सूत्रों ने बताया कि पार्टी किसी ऐसे चेहरे की तलाश कर रही है जो लोकप्रिय हो। इसके साथ ही जातीय समीकरणों को भी ध्यान में रखा जा रहा है। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश सरकार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बाद केशव प्रसाद मौर्य नंबर-2 पर हैं। भले ही केशव प्रसाद मौर्य को विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा हो लेकिन उनकी लोकप्रियता और पार्टी में पकड़ के चलते उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाया गया और फिर विधान परिषद में नेता सदन का पद दिया गया।

Spread the love

Related Articles

Back to top button