दिल्ली में ख़त्म हुआ BJP का बनवास 27 साल बाद खिला ‘कमल,
करीब 27 साल बाद दिल्ली में 'कमल' खिल गया है। वहीं आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया चुनाव हार गए हैं।
![](https://karnvaninews.com/wp-content/uploads/2025/02/IMG_2441.jpeg)
दिल्ली में ‘झाड़ू’ का तिनका बिखर गया है। आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया जैसे दिग्गज चुनाव हार चुके हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी के खेमे में चारों तरफ खुशी की लहर है। नतीजों में भारतीय जनता पार्टी के खाते में 48 सीटें हैं जबकि आम आदमी पार्टी 22 सीटों पर दबदबा बनाए हुए है। वहीं कांग्रेस इस बार भी शून्य पर टिकी हुई है। पिछले चुनाव में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी ने 70 में से 62 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा को आठ सीटें मिली थी वहीं कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला था।
हम यमुना जी को दिल्ली शहर की पहचान बनाएंगे: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘मैंने चुनाव प्रचार के दौरान संकल्प लिया है कि हम यमुना जी को दिल्ली शहर की पहचान बनाएंगे। मैं जानता हूं कि ये काम कठिन है और लंबे समय का है। समय कितना भी क्यों न जाए, शक्ति कितनी भी क्यों न लगे। लेकिन अगर संकल्प मजबूत हैं, तो यमुना जी के आशीर्वाद रहने वाले हैं। हम मां यमुना की सेवा के लिए हर प्रयास करेंगे, पूरे सेवाभाव से काम करेंगे।’
भाजपा सरकार दिल्ली को एक आधुनिक शहर बनाएगी: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘देश की नारी शक्ति का आशीर्वाद हमारा सबसे बड़ा रक्षा कवच है। आज एक बार फिर, नारी शक्ति ने दिल्ली में मुझे अपना आशीर्वाद दिया है। दिल्ली की जनता टूटी सड़कें, कूड़े के ढेर, ओवर फ्लो सीवर और प्रदूषित हवा से त्रस्त रही है। अब यहां बनने वाली भाजपा सरकार दिल्ली को विकास की ऊर्जा के साथ एक आधुनिक शहर बनाएगी।’