लखनऊ

दिव्यांगजनों के चेहरे की मुस्कान मेरे लिए सबसे बड़ा इनाम: डॉ. राजेश्वर 

डॉ. राजेश्वर सिंह ने सरोजनीनगर के दिव्यांगजनों को बांटे 50 लाख की लागत के 800 सहायक उपकरण, दोहराया 24 घंटे उपलब्धता का संकल्प

सरोजनीनगर विधायक ने दिव्यांगजनों को बांटे 800 सहायक उपकरण कहा— आपकी आत्मशक्ति हमारे लिए प्रेरणादायी

लखनऊ। दिव्यांगजनों के चेहरे पर मुस्कान देखना मेरी राजनीति का उद्देश्य है उनके लिए कुछ करना मेरे लिए परम सौभाग्य की बात है जो दिव्यांगजनों लिए कुछ कर सकने के लिए सक्षम बना। दिव्यांगजनों की अदम्य इच्छाशक्ति और कुछ करने की तमन्ना दूसरों के लिए प्रेरणा है और लोगों को जीवन में नई राह दिखाती है।

दिव्यांगजन हमारे लिए प्रेरणा है अदम्य साहस के लिए, दृढ़ इच्छाशक्ति के लिए, सहनशीलता के लिए, सहिष्णुता के लिए, स्वीकारता के लिए, चुनौतियों को परास्त कर आगे बढ़ने और हमेशा मुस्कुराने के लिए। हमारे दिव्यांग भाइयों – बहनों को दया नही स्वीकार्यता, समर्थन और आत्मनिर्भरता चाहिए।

ये विचार व्यक्त किये हैं सरोजनीनगर से भारतीय जनता पार्टी विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने, अवसर था सरोजनीनगर के 1000 दिव्यांगजनों को 50 लाख की लागत से सहायक उपकरण वितरण का।

सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह दिव्यांगजनों के सतत उत्थान के लिए सतत कृत संकल्पित हैं। उनके प्रयास से दिव्यांगजन सशक्तिकरण के लिए क्षेत्र में नि:शुल्क कैंप लगाकर केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ क्षेत्र के दिव्यांगजनों को उनके घर तक पहुंचाया जा रहा है। साथ ही दिव्यांगजनों को सामजिक रूप से सशक्त, सक्षम व बाधारहित वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से डॉ. राजेश्वर सिंह क्षेत्र के दिव्यांगजनों को निरंतर सहायता उपकरण भी उपलब्ध करवा रहे है।

दिव्यांगजनों को सहायता उपकरण उपलब्ध कराने के सतत क्रम में सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह जी द्वारा शनिवार को वृहद् स्तर पर ‘दिव्यांगजन सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम’ का अयोजन किया गया। स्कूटर इंडिया चौराहा स्थित ग्रीन गार्डन में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में पूर्व में चिन्हित 1000 दिव्यांगजनों को 50 लाख की लागत के उपकरणों का नि:शुल्क वितरण किया गया।

इस कार्यक्रम में 650 यूडीआईडी कार्ड, 60 मेडिकल प्रमाणपत्र एवं 800 दिव्यांगजन सहायता उपकरणों का वितरण किया गया। साथ ही दिव्यांगजनों को प्रमाणपत्र एवं जरुरतमंदों को कंबल प्रदान कर उन्हें भविष्य में हर सुविधा का लाभ दिलाने का आश्वासन दिया गया।

बड़ी संख्या में उपस्थित क्षेत्रवासियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के सम्मानित लोगों के बीच पहुँच अभिभूत नजर आ रहे सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि दिव्यांगजनों के लिए कुछ करना जनसेवा के पथ पर मेरे लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है, दिव्यांगजनों के चेहरे की मुस्कान मेरे लिए सबसे बड़ा इनाम है। उन्होंने बताया कि अन्त्योदय के पथ पर अग्रसर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकारों ने दिव्यांगजन सशक्तिकरण के लिए अभूतपूर्ण योजनाएं चलाई हैं, उन्होंने दिव्यांगजनों को मान-सम्मान के साथ हमेशा प्रगति के अवसर दिलाने का कार्य किया।

सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि 2022-23 में केंद्र सरकार ने दिव्यांगजनों के लिए 21,74 करोड़ का बजट आवंटित किया। उत्तर प्रदेश सरकार ने पिछले वर्षों से बढ़ाकर 2022-23 में दिव्यांगजन कल्याण के लिए 1,000 करोड़ रूपये आवंटित किया है। योगी सरकार ने दिव्यांगजनों के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं और उनकी पेंशन भी बढ़ाई है। साथ ही केंद्र व प्रदेश सरकार की हर वेलफेयर योजना में 5 प्रतिशत आरक्षण दिव्यांगजनों के लिए तय किया है।

विधायक ने बताया कि ऐतिहासिक निर्णय लेते हुए केंद्र व प्रदेश सरकार ने शिक्षा और सरकारी नौकरियों में दिव्यांग व्यक्तियों को 3% आरक्षण दिया है। इसके अलावा मोदी सरकार ने दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम 2016 में संशोधन कर विशेष श्रेणी के दिव्यांगजनों के लिए इसे बढ़ाकर 4% कर दिया है। प्रदेश सरकार ने प्राइमरी शिक्षा भर्ती में सामान्य कैटेगरी वाले दिव्यांगजनों के लिए क्वालीफाईंग मार्क्स 60% से घटाकर 55% कर दिया है। इससे ज्यादा दिव्यांगजनों को नौकरी का लाभ मिलेगा।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने सरोजनीनगर में दिव्यांगजनों के लिए किये गए अपने प्रयासों को दोहराते हुए कहा कि 29 अप्रैल को 2022 को दिव्यांगजन समग्र पुनर्वास कार्यक्रम का आयोजन कर 650 दिव्यांगजनों का पंजीकरण करवाया गया, 8 अगस्त 2022 को सरोजनीनगर ब्लाक के दिव्यांग भाई-बहनों के लिए निःशुल्क ट्राईसिकल वितरित की गयी, क्षेत्र में निःशुल्क सहायता शिविरों का आयोजन कर अब तक 1000 से अधिक यूडीआईडी कार्ड बनवाये गये हैं। क्षेत्र के दांदूपुर क्रिकेट स्टेडियम में दिव्यांगजन बच्चों की सुविधा तथा लोकबन्धु हॉस्पिटल में दिव्यांगजनों की सुविधा के विस्तार के लिए विधायक निधि से धनराशि आवंटित की, दिव्यांग जनों की सहायता के लिए मेरा कार्यालय 24 घंटे सक्रिय है।

दिव्यांगजनों के लिए अपने भावी संकल्पों को दोहराते हुए सरोजनी नगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि सभी दिव्यांग भाइयों- बहनों के चेहरे पर मुस्कान लाना है इसके लिए उन्हें व्यापक सामाजिक सुरक्षा का लाभ दिलाना है, उन्हें निःशुल्क जीवन बीमा एवं स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराना है तथा दिव्यांगजनों के आश्रितों के लिए निःशुल्क शिक्षा व्यवस्था का प्रबंध कराना है। दिव्यांगजनों के लिए सर्वोत्तम सुविधाएं उपलब्ध कराने का संकल्प लेते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि हमें दिव्यांगजनों के विकास हेतु कौशल विकास के सुलभ अवसर प्रदान कराना है साथ ही उद्यमशील दिव्यांगजनों के लिए कम प्रयासों के साथ शून्य ब्याज दर पर आसान ऋण उपलब्ध कराना है, ताकि वे आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बन सकें।

सरोजनीनगर विधायक नें इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं पुनर्वास केंद्र (सी आर सी) लखनऊ के निदेशक रमेश कुमार पाण्डेय तथा समस्त अधिकारियों का आभार व्यक्त किया साथ ही सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सहयोगी संस्था युगदृष्टि के चेयरमैन राजेश शुक्ला का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए उनकी टीम के सदस्यों ने क्षेत्र में घर-घर जाकर दिव्यांगजनों का डेटा इकठ्ठा किया और उन्हें यूडीआईडी कार्ड उपलब्ध कराये। डॉ. सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों, सभी वालंटियर्स और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में वीरेंद्र तिवारी (राज्य मंत्री/दर्जा प्राप्त), भूपेंद्र शर्मा, डॉक्टर एनके सिंह ए सी एम ओ लखनऊ, सिद्धार्थ सिंह एसडीएम सरोजनी नगर, गोविंद पांडे, राजेश सिंह चौहान, शिव शंकर सिंह, राजकुमार सिंह चौहान, सुषमा खरक वाल, गंगाराम अंबेडकर, कर्नल दयाशंकर दुबे, अजीत शुक्ला, गंगाराम भारती, रमाशंकर, पुष्कर शुक्ला, सीएमएस लोकबंधु अजय त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में गणमान्यजन और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Spread the love

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button